नवरत्न रक्षा सरकारी क्षेत्र का उपक्रम (पीएसयू) भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने स्टार्टअप / शिक्षा जगत / एमएसएमई के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए बीईएल के कॉर्पोरेट नवाचार कार्यक्रम (सीआईपी) के तहत नवाचार और प्रौद्योगिकी विकास पहलों पर सहयोग करने के लिए भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) बेंगलूरु द्वारा स्थापित फाउंडेशन फॉर साइंस, इनोवेशन एंड डेवलपमेंट (एफएसआईडी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। यह एमओयू एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों में स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए बीईएल की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। एफएसआईडी-आईआईएससी के साथ साझेदारी करने से, बीईएल एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में देश की रणनीतिक और परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने के लिए नवाचार और अत्याधुनिक आर एंड डी का लाभ उठाना चाहती है। इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करना हितधारकों को साथ लाने और आत्मनिर्भर भारत के लिए बीईएल की प्रतिबद्धता के सक्रिय दृष्टिकोण को उजागर करता है।
बीईएल के बारे में - नवरत्न पीएसयू भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) की स्थापना रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तहत वर्ष 1954 में की गई थी, जिसका उद्देश्य देश को रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स में आत्मनिर्भर बनाना है। आज, बीईएल एक बहु-उत्पाद, बहु-प्रौद्योगिकी, बहु-यूनिट समूह है जो रेडार, मिसाइल प्रणाली, सैन्य संचार, नौसेना प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और एवियोनिक्स, सी4आई प्रणाली, इलेक्ट्रो ऑप्टिक्स, टैंक इलेक्ट्रॉनिक्स और गन/वेपन प्रणाली उन्नयन और रक्षा खंड में इलेक्ट्रॉनिक फ्यूज़ सहित विभिन्न प्रकार के क्षेत्रों में अत्याधुनिक उत्पादों और प्रणालियों का डिजाइन, निर्माण और आपूर्ति करती है। बीईएल के गैर-रक्षा कारोबारी खंड में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, होमलैंड सुरक्षा और स्मार्ट सिटी, उपग्रह एकीकरण और अंतरिक्ष इलेक्ट्रॉनिक्स, रेलवे, कृत्रिम प्रज्ञान, साइबर सुरक्षा, सेवा के रूप में सॉफ्टवेयर, ऊर्जा भंडारण उत्पाद जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
बीईएल अपनी वैश्विक उपस्थिति का तेजी से विस्तार कर रही है और दुनिया भर में निर्यात को बढ़ावा देने का हरसंभव प्रयास कर रही है। हाल के वर्षों में, रक्षा नवाचार और स्वदेशीकरण के लिए रक्षा उत्पादन विभाग, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कई नीतिगत सुधार किए गए हैं। बीईएल निजी और सरकारी क्षेत्रों में उभरते निकायों के साथ स्वतंत्र रूप से और सहयोग करते हुए रक्षा बलों द्वारा आवश्यक मदों के स्वदेशी उत्पादन द्वारा ऐसी पहलों का समर्थन करने के लिए इच्छुक है।
एफएसआईडी के बारे में - फाउंडेशन फॉर साइंस, इन्नोवेशन एंड डेवलपमेंट (एफएसआईडी) को भारतीय विज्ञान संस्थान द्वारा धारा 8 कंपनी के रूप में प्रवर्तित किया गया है और इसे कारोबारी उद्यमों और समग्र रूप से राष्ट्र के प्रौद्योगिकी सेतु के रूप में कार्य करने के अपने मूल मिशन को आगे बढ़ाने के लिए स्थापित किया गया था। यह अब आईआईएससी के भीतर गहन विज्ञान और गहन तकनीकी ज्ञान तक सभी पणधारकों की पहुंच का एकल स्रोत बन गया है। एफएसआईडी ऐसे संपूर्ण समाधान प्रस्तुत करता है जो अपने उद्देश्यों को पूर्ण करना सुकर बनाते हैं और गहन विज्ञान केंद्रित लक्षित अनुसंधान, नवाचार, और उत्पाद विकास पर काम कर रहा है, जो सभी भारतीय उद्योगों की साझेदारी में किए गए हैं। एफएसआईडी के पास जटिल तकनीकी चुनौतियों से निपटने में सक्षम स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और उच्चतर ज्ञानार्जन के संस्थानों के इनोवेटरों की पहचान करने, मूल्यांकन करने और समर्थन करने की क्षमता और नेटवर्क है। एफएसआईडी की उत्पत्ति 1991 में हुई थी जब एसआईडी (सोसाइटी फॉर साइंस एंड डेवलपमेंट) की स्थापना कारोबारी उद्यमों, अर्थव्यवस्था और समग्र रूप से देश की मदद करने के लिए आईआईएससी के भीतर मौजूद ज्ञान, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और प्रतिभा के अविश्वसनीय भंडार का उपयोग करने के लिए एक मिशन के साथ की गई थी।